देहरादून के राजपुर रोड स्थित ज्वेलरी शोरूम में गुरुवार सुबह डकैती की घटना के बाद देहरादून पुलिस में हड़कंप मच गया। राष्ट्रपति दौरे के दौरान मास्क पहनकर घुसे हथियारबंद डकैत अंदर से 20 करोड़ रुपये से अधिक के गहने लूटकर फरार हो गए। शोरूम से भागते वक्त बदमाशों ने तैनात कर्मचारियों को किचन में बंद कर दिया। जाते वक्त किसी को आंधे घंटे से पहले बाहर न निकलने की हिदायत दी थी।
शोरूम में डकैती की घटना के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह की ओर से कई टीमों का गठन किया गया है। शुरुआती जांच में बिहार के गैंग पर पुलिस की निगाहें टिंकी हुईं हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की ओर से सर्विलांस, सीसीटीवी व घटना के सम्बन्ध में जानकारी व संदिग्धों से पूछताछ हेतु अलग-अलग 04 टीमों का गठन किया गया।
देहरादून की सबसे व्यस्ततम वीवीआईपी राजपुर रोड पर ग्लोब चौक के पास रिलायंस ज्वेल्स नाम से ज्वेलरी शोरूम है। गुरुवार सुबह करीब सवार दस बजे शोरूम खुला। इसके दस मिनट बाद ही मास्क पहने चार लोग शोरूम में पहुंचे। इस दौरान शोरूम में करीब 11 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें अधिकांश महिलाएं थीं। बदमाशों ने इनमें कुछ को गन प्वाइंट पर लिया और कुछ को पिटना शुरू कर दिया।
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। शहर के कई थानों के इंचार्ज फोर्स समेत आला अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें पता लगा कि एक कार और एक बाइक से बदमाश पहुंचे थे। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बिहार के गैंग पर पुलिस की नजर
देहरादून के रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में डकैती में शुरुआती जांच में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। डकैती का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम द्वारा पूर्व में घटित इस प्रकार की घटनाओं के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गई। डकैती से जुड़े गैंगों की जानकारी जुटाई गई।
जांच में यह बात सामने आई है कि गैंगो की ओर से उडीसा, महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल तथा दिल्ली में भी रिलायन्स ज्वैलरी शो-रूम में इस प्रकार की घटनाएं होना प्रकाश में आया है। शुरुआती जांच में घटना में अभियुक्तों के सम्बन्ध में पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। जिसमें बिहार से सम्बन्धित गैंग का उक्त घटना में संलिप्त होना प्रकाश में आ रहा है।
राष्ट्रपति विजिट के चलते शहर में पूरे राज्य से पुलिस फोर्स सुरक्षा व्यवस्था को पहुंचा हुआ था। फोर्स को सड़कों पर जगह-जगह तैनात किया गया है। घटना के करीब एक घंटे पहले राष्ट्रपति का काफिला राजपुर रोड पर शोरूम के करीब एक आधा किलोमीटर पहले से गुजरा था। इस बीच वारदात से कानून व्यवस्था सवालों में है।