UP-हिमाचल प्रदेश-MP से ज्यादा उत्तराखंड के युवा बेरोजगार, बेरोजगारी के आकंड़ें करेंगे हैरान

युवाओं की बेरोजगारी के मामले में उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश और हिमाचल जैसे पड़ोसी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। उत्तराखंड में युवाओं (15 से 29 वर्ष के बीच की उम्र) की बेरोजगारी दर 14.2 प्रतिशत है। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में ये दर महज 7 प्रतिशत और हिमाचल में 12.5 प्रतिशत ही है। नेशनल सैंपल सर्वेक्षण कार्यालय (एनएसएसओ) के आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) से इस स्थिति का खुलासा हुआ है।

एनएसएसओ की 9 अक्तूबर 2023 को जारी रिपोर्ट में जुलाई 2022 से जून 2023 तक की बेरोजगारी दर, श्रमबल आदि की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार पूरे देश में 15 से 29 साल की उम्र के युवाओं की बेरोजगारी दर 10 प्रतिशत रही है। गांवों में इस उम्र के 8.3 प्रतिशत पुरुष और 7.4 प्रतिशत महिलाएं बेरोजगार हैं।

इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों में कुल मिलाकर 8 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं। शहर में ये आंकड़ा बढ़कर 15.7 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। यहां 15 से 29 साल के बीच की उम्र के पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक बेरोजगार हैं। शहरों में 13.8 प्रतिशत पुरुष तो 21.7 प्रतिशत महिलाएं बेरोजगारी की जिंदगी जी रही हैं। उत्तराखंड की बात करें तो यहां गांव और शहर दोनों को मिलाकर 14.2 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं।

वहीं, यदि बात करें क्षेत्रफल और जनसंख्या में बड़े राज्यों की तो बिहार में युवाओं की बेरोजगारी दर 13.9 प्रतिशत, दिल्ली में 6.1 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 4.4 प्रतिशत, महाराष्ट्र में 10.9 प्रतिशत और राजस्थान में 12.5 प्रतिशत दर्ज की गई है। यानी इन सभी राज्यों में उत्तराखंड के मुकाबले युवाओं की बेरोजगारी दर काफी कम है। यह उत्तराखंड के लिए चिंताजनक स्थिति है।

गांव और ब्लॉकों में होता है सर्वे रिपोर्ट को तैयार करने के लिए देश के 6982 गांव और 5732 ब्लॉक में सर्वे कराया गया। गांव में 55844 घरों में रहने वाले 2,43,971 और ब्लॉक के 45811 घरों में रहने वाले 1,75,541 लोगों को सर्वे में शामिल किया गया।

राज्य में बेरोजगारी दर की स्थिति
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल बेरोजगारी दर 13.2 प्रतिशत है। यहां 12.6 प्रतिशत युवा महिलाएं और, 13.6 प्रतिशत पुरुष बेरोजगार हैं। शहरी क्षेत्रों में कुल बेरोजगारी दर 17.5 प्रतिशत है। यहां 28 प्रतिशत युवा महिलाएं और 15.5 पुरुष बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। दोनों क्षेत्रों को मिलाकर बात करें तो कुल बेरोजगारी दर 14.2 प्रतिशत है 14.3 प्रतिशत महिलाएं और 14.2 प्रतिशत पुरुष बेरोजगार हैं।

पहाड़ी राज्यों में पांचवें स्थान पर उत्तराखंड

रिपोर्ट पर गौर करें तो देश के 11 पहाड़ी राज्यों में युवाओं की बेरोजगारी दर के मामले में उत्तराखंड पांचवें नंबर पर है। पहले नंबर पर मणिपुर (19.7 प्रतिशत), दूसरे नंबर पर नागालैंड (18.5 प्रतिशत), तीसरे नंबर पर मेघालय (18 प्रतिशत), चौथे नंबर पर अरुणाचल प्रदेश (17.6 प्रतिशत) और पांचवे नंबर पर उत्तराखंड (14.2 प्रतिशत) है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *