कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने UP CM को पत्र देकर वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को दी भूमि का उठाया मामला

कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पेशावर कांड के महानायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के परिवार को दी गई भूमि का मामला उठाया। उन्होंने शुक्रवार को देहरादून पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र प्रेषित कर गढ़वाली के परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया।

जमीन को अतिक्रमण मानते हुए खाली करवाने के आदेश

वर्ष 1975 में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री रहे हेमवती नंदन बहुगुणा ने पौड़ी-बिजनौर सीमा पर हल्दूचौड़ में 60 बीघा जमीन 90 वर्ष की लीज पर वीर चंद्र सिंह गढ़वाली को भेंट की थी। उक्त जमीन वर्तमान में नजीबाबाद वन प्रभाग जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश में आती है। इस जमीन को अतिक्रमण मानते हुए खाली करवाने के आदेश का नोटिस गढ़वाली की दोनों विधवा पुत्र वधुओं के नाम सितंबर 2018 में भेजा गया था।

प्रकरण जिला बिजनौर वन विभाग में लंबित

उक्त प्रकरण अभी भी जिला बिजनौर वन विभाग में लंबित है, जिसके कारण गढ़वाली का परिवार भारी तनाव में है। परिवार के पास इस जमीन की खेती के अलावा कोई अन्य आय का साधन नहीं है। कहा कि 60 बीघा खेती की भूमि इनको लीज पर दी गई थी, उसकी लीज नवीनीकरण के साथ उसके भूमिधरी के अधिकार गढ़वाली के परिवार को दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *